ऊना/ सुशील पंडित : कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विवेक मिंका भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने आयोजित सत्संग में भाग लिया और संत महात्माओं के विचारों को सुनकर स्वयं को धन्य बताया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु सत्संग में उपस्थित रहे और बाबा बाल जी महाराज के प्रवचनों को श्रवण किया। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि संतों का सान्निध्य जीवन को नई दिशा देने का कार्य करता है तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज का व्यक्तित्व आध्यात्मिक चेतना, मानव सेवा और भारतीय संस्कृति के मूल्यों से जुड़ा हुआ है। उनके विचार समाज को प्रेम, भाईचारे और मानवता का संदेश देते हैं।
विधायक ने कहा कि सत्संग सुनने के बाद मन को शांति और आत्मिक संतोष की अनुभूति होती है। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज केवल हिमाचल ही नहीं बल्कि पूरे भारत देश का गौरव हैं। उन्होंने कहा कि यह कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों का सौभाग्य है कि राधा कृष्ण मंदिर कोटला कला जैसा पवित्र धार्मिक स्थल उनके क्षेत्र का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि बाबा बाल जी महाराज का आशीर्वाद हमेशा कुटलैहड़ की देव तुल्य जनता पर बना रहता है। उनके मार्गदर्शन और आशीर्वचनों से हजारों श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक प्रेरणा मिलती है। उन्होंने मंदिर समिति और आयोजन से जुड़े सभी लोगों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने बाबा बाल जी महाराज से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

