पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रविवार को अपने गृह सराज विधानसभा क्षेत्र के जिला परिषद ब्रयोगी वार्ड के अंतर्गत महादेव भूमासी जी की तपोभूमि गाड़ागुसैनी एवं बगड़ाथाच में भाजपा समर्थित प्रत्याशी रोहित ठाकुर के पक्ष में सघन जनसंपर्क एवं चुनाव प्रचार किया, जहां उन्हें स्थानीय क्षेत्रवासियों का भरपूर स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। जनसभाओं को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने दावा किया कि जनता के अपार समर्थन और कार्यकर्ताओं के भारी उत्साह से यह पूरी तरह स्पष्ट है कि सराज विधानसभा के सभी जिला परिषद वार्डों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की प्रचंड विज सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि छह महीने से अधिक का लंबा समय बीत चुका है, लेकिन पिछली बरसात से लेकर अभी तक प्रदेश में कहीं भी कोई नया विकास कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जिससे न केवल ढांचागत विकास रुका है, बल्कि आम लोगों को मिलने वाले स्थानीय रोजगार पर भी पूरी तरह रोक लग गई है, जिसके कारण हमारी माताओं और बहनों में सरकार के प्रति गहरा रोष और नाराजगी है। इसके अतिरिक्त, पंचायतों के माध्यम से आम ग्रामीणों को मिलने वाले कई तरह के आवश्यक लाभों से भी इस सरकार ने जनता को अब तक पूरी तरह वंचित रखा है, जिसके लिए जनता आगामी चुनाव में कांग्रेस को उनके किए की कड़ी सजा जरूर देगी
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम और स्थानीय निकाय चुनावों में अपनी निश्चित हार को सामने देख मुख्यमंत्री और उनकी मित्रमंडली बेहद निम्न स्तरीय हरकतों पर उतर आई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए बरसात में हुए सुंदरनगर हादसे का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर चुनाव प्रचार का बताकर वायरल किया जा रहा है। आपदा प्रभावितों की भावनाओं का इस तरह का गलत इस्तेमाल करना मुख्यमंत्री की घटिया मानसिकता को दर्शाता है।

