नई दिल्लीः टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर 8 में भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज को हार का सामना करना पड़ा और इसी के साथ वह वर्ल्ड कप से बाहर हो गई। लेकिन इसके बाद अभी भी टीम भारत में ही फंसी हुई है। दरअसल, एयर स्पेस बंद होने के कारण खिलाड़ी अपने घर वापस नहीं लौट पाए हैं। दरअसल ईरान-इजरायल के बीच जारी युद्ध के कारण तनाव काफी बढ़ चुका है। इस कारण भारत से विदेशी उड़ान बाधित हैं। इसी को लेकर वेस्टइंडीज के कोच ने अब एक्स के माध्यम से मदद की गुहार लगाना शुरू कर दिया है।
आज वेस्ट इंडीज के दिग्गज खिलाड़ी और टीम कोच डैरेन सैमी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आईसीसी से भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि उन्हें बस घर जाना है। सैमी ने अपने पोस्ट में बताया कि उनकी टीम को आईसीसी से कोई अपडेट नहीं मिला है कि वे कब घर जा सकते हैं। उसकी थोड़ी देर बाद सैमी ने फिर एक्स पर पोस्ट किया और अथॉरिटी, बोर्ड और सरकारों से जवाब मांगा। उन्होंने दोपहर 2.42 पर पोस्ट करते हुए पूछा कि कितना समय और लगेगा।
उन्होंने अपने दूसरे पोस्ट में लिखा,”कम से कम कोई अपडेट तो दी जाए। हमें कुछ तो बताइए। आज, कल, अगले हफ्ते कब हम लौटेंगे। 5 दिन हो चुके हैं।” वेस्टइंडीज के कोच डैरेन सैमी की चिंता साफ है कि कम से कम उन्हें जानकारी दी जाए कि आखिर वह और उनकी टीम कब घर लौट पाएगी। क्या इंतजाम किए जा रहे हैं और कैसे उन्हें वापस भेजा जाएगा?
बता दें कि मंगलवार, 3 मार्च को क्रिकेट वेस्ट इंडीज ने पहली बार अपनी स्थिति बताई थी। उन्होंने कहा कि वे आईसीसी और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षित यात्रा के लिए काम कर रहे हैं। बोर्ड ने कहा, ‘ये पाबंदियां गल्फ क्षेत्र में सुरक्षा खतरे की वजह से हैं, जिससे कई इंटरनेशनल फ्लाइट रूट्स बदलने पड़े हैं।’
