कौशाम्बीः उत्तर प्रदेश के कौशांबी से सरकारी स्कूल के भीतर बेटी का ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) लेने को लेकर विवाद हो गया। जहां महिला प्रिंसीपल द्वारा स्कूल परिसर में एक अभिभावक को चप्पल से पीटा गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला ब्लॉक मूरतगंज के प्राथमिक विद्यालय ‘टीका का पूरा’ का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, एक बच्चे का अभिभावक अपने एक साथी के साथ विद्यालय में आधार कार्ड संबंधी जानकारी लेने गया था। वायरल वीडियो करीब 34 सेकंड का है, जिसमें स्कूल परिसर के भीतर महिला प्रिंसिपल और एक युवक के बीच तीखी बहस के बाद मारपीट की स्थिति बनती दिखाई देती है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा शुरू हो गई।
View this post on Instagram
वहीं मामला चर्चा में आने के बाद चरवा थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर प्रधानाध्यापिका अनीता देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया गया कि एक रिश्तेंदार की बेटी का ट्रांसफर सर्टिफिकेट लेने पहुंचे अभिभावक के साथ विद्यालय परिसर में विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई और प्रधानाध्यापिका ने युवक को जूते से पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित अनुज कुमार यादव ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह अपनी रिश्तेदार की बेटी का टीसी लेने के लिए अपने मौसी के भाई मनोज कुमार के साथ विद्यालय पहुंचे थे। उनका कहना है कि टीसी मांगने पर प्रधानाध्यापिका अनीता देवी ने बच्चे का आधार कार्ड लाने को कहा।
आरोप है कि इसी दौरान मनोज कुमार ने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। इससे नाराज होकर प्रधानाध्यापिका ने उनका मोबाइल छीन लिया और जमीन पर पटक दिया। पीड़ित के अनुसार जब मोबाइल बचाने की कोशिश की गई तो दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें प्रधानाध्यापिका गिर गईं। इसके बाद उन्होंने युवक को जूते से पीटना शुरू कर दिया। घटना के दौरान किसी ने पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और शिक्षा विभाग में भी हड़कंप मच गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रधानाध्यापिका अनीता देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। कौशांबी के पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

