मंडलाः जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में 3 व्यक्तियों की मौत का मामला सामने आया है। पिंडरई रोड पर नादिया के पास अज्ञात भारी वाहन ने बाइक सवार युवकों को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी मुताबिक, उमेश सिंगौर (42) पुत्र चिरौंजी लाल सिंगौर, भुवन सिंगौर (36) पुत्र मनीलाल सिंगौर दोनों निवासी ग्राम नादिया और मुन्ना भांवरें (50) पुत्र मंगल भांवरें निवासी पेटेगांव किसी काम से जा रहे थे। इस दौरान जामुन तिराहे के पास तेज रफ्तार भारी वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। घटना में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि भागते समय वाहन सड़क किनारे लगे एक बिजली के खंभे को भी तोड़ता हुआ निकल गया। सूचना मिलने पर महाराजपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
