रामगढ़ः जिले के बासल थाना क्षेत्र के सियारी टोला में देर रात सड़क हादसे में 2 युवकों की मौत का मामला सामने आया है। हादसे में मरने वाले की पहचान अभिषेक कुमार शर्मा (28) और राहुल कुमार (30) निवासी सौंदा डी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है इनकी बाइक तेज रफ्तार में थी। घटनास्थल पर तेज रफ्तार होने की वजह से बाइक बेकाबू हो गई। तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे बने बाउंड्री को धंसाते हुए तकरीबन 100 फीट अंदर चली गई। समय पर मदद नहीं मिल पाने की वजह से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों को सुबह हादसे की जानकारी मिली।
जानकारी मुताबिक, अभिषेक का जन्मदिन था। वह अपने दोस्त राहुल के साथ बाइक से पतरातु डैम घूमने गए थे। वहीं किसी रेस्टोरेंट में जन्मदिन सेलिब्रेट करने के बाद वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक तेज रफ्तार होने के चलते बाउंड्री से टकरा गई। अंधेरा और सुनसान सड़क होने के कारण हादसे की भनक किसी को नहीं लगी। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक घंटों तक गंभीर हालत में वहीं पड़े रहे, लेकिन समय पर मदद नहीं मिलने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। जब देर रात तक युवक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद सुबह घटनास्थल से शव बरामद किए गए।
घटना की सूचना मिलते ही बासल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बासल थाना प्रभारी कैलाश ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार की वजह से ही ये हादसा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
