श्रीनगरः जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में बुधवार रात सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर ये कार्रवाई की। जिले के मजालता इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। दोनों आतंकियों के पाकिस्तानी होने और कश्मीर टाइगर्स (KT) या जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े होने की आशंका है। उनकी पहचान और संगठन की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
जम्मू-कश्मीर में इस साल अब तक 15 आतंकी घटनाएं हुई है। जिनमें 15 आतंकी मारे गए, जबकि 2 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए। वहीं 3 नागरिकों की भी मौत हुई। उधमपुर में दो बार सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एनकाउंटर हुआ।
उधमपुर का मजालता इलाका घने जंगल और पहाड़ी भूभाग वाला है। सुरक्षा एजेंसियों को पिछले कुछ दिनों से ब्रेटल-खुब्बन बेल्ट और आसपास के जंगलों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इसके बाद इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई थी। सुरक्षा बलों को इलाके से कुछ हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुआ है।
बुधवार देर रात संदिग्ध लोगों की आवाजाही की सूचना मिलने पर सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस के SOG ने इलाके की घेराबंदी की और तलाशी शुरू की। इस दौरान आतंकियों द्वारा फायरिंग होने पर सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की। अंधेरा, घने जंगल और पहाड़ी इलाका होने की वजह से ऑपरेशन में दिक्कतें भी आ रही है।