ऊना,सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से अलग-अलग मामलों में लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं को 24 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानव स्रोतों की मदद से एक बालिका को राजस्थान के जयपुर और दूसरी को उत्तर प्रदेश के हासोवा से बरामद किया।
पुलिस थाना सदर ऊना की चौकी संतोषगढ़ के अंतर्गत बिहार मूल की, वर्तमान में संतोषगढ़ निवासी महिला ने 20 अगस्त को शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी करीब 13 वर्षीय बेटी 19 अगस्त को घर से बिना बताए कहीं चली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने BNS की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानव स्रोतों के आधार पर लगातार प्रयास करते हुए बालिका को राजस्थान के जयपुर से सकुशल बरामद कर लिया।
वहीं, महिला पुलिस थाना ऊना में बिहार मूल की, वर्तमान में पीरनिगाह रोड ऊना निवासी महिला ने अपनी करीब 12 वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने इस मामले में भी BNS की प्रासंगिक धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों एवं मानव स्रोतों की सहायता से बालिका की तलाश शुरू की। पुलिस ने बालिका को उत्तर प्रदेश के हासोवा से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में आरोपी जितिन कुमार निवासी हासोवा, थाना निगोही, जिला सुजानपुर, उत्तर प्रदेश को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों बालिकाओं को सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया है। दोनों मामलों में आगामी जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई नियमानुसार जारी है।
जिला पुलिस ऊना ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की गुमशुदगी की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर लापता व्यक्ति की सुरक्षित तलाश की जा सके। इसके अलावा किसी गुमशुदा बालक या व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।