ऊना,सुशील पंडित: पुलिस थाना हरोली के अंतर्गत पुबोवाल में हुई मोबाइल लूट की वारदात का जिला पुलिस ऊना ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मामले में संलिप्त दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को शाम करीब 4:30 बजे पुबोवाल में एक व्यक्ति का मोबाइल फोन मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवक छीनकर फरार होने लगे। शिकायतकर्ता ने जब मोबाइल वापस लेने का प्रयास किया तो आरोपियों में से एक ने तेजधार हथियार से उस पर हमला कर दिया और दोनों आरोपी मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए।
शिकायत मिलने पर पुलिस थाना हरोली में अभियोग संख्या 110/2026 के तहत BNS की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस ऊना ने तकनीकी साक्ष्यों और मानव स्रोतों की मदद से आरोपियों की पहचान के लिए लगातार प्रयास किए।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान कर ली। ASI सुरेंद्र कुमार, अन्वेषणाधिकारी पुलिस थाना हरोली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्शदीप निवासी खानकोट राम सिंह वाला, अमृतसर, पंजाब को गांव कुकरान से तथा दूसरे आरोपी अंकित निवासी खुरलाकिंगरा, जालंधर, हाल निवासी गांव बद्दोवाल, गढ़शंकर, पंजाब को गांव बद्दोवाल से हिरासत में लिया। दोनों आरोपियों को 25 अगस्त 2026 को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच जारी है तथा वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों और पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
जिला पुलिस ऊना ने कहा कि अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता एवं तत्परता से कार्य कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अपने मोबाइल फोन एवं अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाना/चौकी अथवा पुलिस हेल्पलाइन को सूचित करें। समय पर सूचना मिलने से पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलती है।