चंबाः पुखरी के अंतर्गत चंबा-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। जिसमें सात लोगों की मौत होने की खबर है। हादसे का शिकार हुई बोलेरो (एचपी-01सी-2581) ग्राम पंचायत कुठेड़ के महल गांव की बताई जा रही है।
View this post on Instagram
मृतकों में महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। महल गांव के लोग पंचायत के काकड़ोथा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार की धाम में शामिल होने गए थे। धाम खाने के बाद सभी लोग बोलेरो में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने खाई में उतरकर शवों को बाहर निकालने का कार्य किया। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है, वहां सड़क किनारे क्रैश बैरियर नहीं लगे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि सड़क पर सुरक्षा प्रबंध होते तो संभवतः हादसे को टाला जा सकता था। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने कहा कि हादसे में मृतकों और घायलों के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।
