चंडीगढ़: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि संत शिरोमणि नामदेव जी महाराज की शिक्षाएं आज भी समाज को आपसी भाईचारे, प्रेम, समानता, मानवता और श्रम के सम्मान का संदेश देती हैं। संत-महापुरुष किसी एक जाति या वर्ग के नहीं होते, बल्कि वे पूरे समाज का मार्गदर्शन करते हैं। उनकी शिक्षाओं को जीवन में अपनाकर ही अच्छे समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। राज्य सरकार ओबीसी समाज को शिक्षा, आरक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और उनके विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार पिछड़े वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही हैं। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने तथा केंद्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों, सैनिक स्कूलों और चिकित्सा शिक्षा में ओबीसी आरक्षण जैसे कदमों से समाज को आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं। हरियाणा में पिछड़ा वर्ग की क्रीमी लेयर की आय सीमा 6 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार अग्निवीरों को सरकारी सेवाओं में अवसर देने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए भी काम कर रही है। महिलाओं के कल्याण के लिए बजट में किए गए प्रावधानों और पात्र परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य आमजन को राहत देना है।
