ऊना/मंडी सुशील पंडित : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नगर निगम चुनावों के प्रचार के अंतिम दिन मंडी के सभी 14 वार्डों में भव्य रोड शो और चौहट्टा बाजार में विशाल जनसभा के माध्यम से कांग्रेस सरकार के विरुद्ध शंखनाद करते हुए दावा किया कि प्रदेश की चारों नगर निगमों — मंडी, पालमपुर, धर्मशाला और सोलन — में भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है। जनसभा को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार की जनविरोधी नीतियों और झूठी गारंटियों से हिमाचल की जनता का मोहभंग हो चुका है तथा प्रदेश का हर वर्ग सरकार की कार्यप्रणाली से त्रस्त होकर उसे सत्ता से हटाने का मन बना चुका है। उन्होंने कहा कि यह नगर निगम चुनाव केवल स्थानीय चुनाव नहीं हैं, बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की विदाई की पटकथा लिखने वाले साबित होंगे।

