लुधियानाः जिले में आत्म पार्क के पास फ्लाईओवर पर i20 कार को अचानक आग लग गई। इस घटना को लेकर फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के दौरान कार चालक ने तुरंत गाड़ी से बाहर निकलकर जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं फ्लाईओवर पर गाड़ियों का जाम लग गया। चालक द्वारा घटना की सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। फ्लाई ओवर पर लगे लंबे जाम को खुलवाया और ट्रैफिक को सामान्य किया। मिली जानकारी के अनुसार शार्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ है। वहीं कार मालिक राजेश कुमार ने बताया कि वह i20 कार से किसी काम के सिलसिले के लिए जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने फ्लाईओवर के पास मोड़ पर पहुंचे तो अचानक गाड़ी बंद होने लगी। इस दौरान राजेश ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार को साइड में लगाया। जब उन्होंने बाहर आकर देखा तो कार के अगले हिस्से से भयंकर धुआँ निकल रहा था और देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों से घिर गई।
पीड़ित के अनुसार आज सुबह से गाड़ी सिर्फ़ 10-12 किलोमीटर ही चली थी। अचानक शॉर्ट सर्किट होने की वजह से यह हादसा हुआ है। मौके पर तैनात पुलिस अधिकारी ने बताया कि अचानक शॉर्ट सर्किट की वजह से गाड़ी को आग लगी है। कार चालक को जैसे ही शॉर्ट सर्किट का अहसास हुआ, वह तुरंत बाहर आ गए, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। फायर ब्रिगेड और पुलिस की मुस्तैदी से समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
