चंडीगढ़ः आम आदमी पार्टी के नेता संदीप दहिया के नेतृत्व में वार्ड 12 के कई कार्यकर्ताओं ने चंडीगढ़ भाजपा मुख्यालय सेक्टर-33 के सामने आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ द्वारा आयोजित शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में भाग लिया। आप के सभी नेता और कार्यकर्ता श्री गुरुद्वारा साहिब सेक्टर 34 के सामने एकत्रित हुए और वहां से चंडीगढ़ भाजपा मुख्यालय सेक्टर-33 तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला।
संदीप दहिया ने कहा कि भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष द्वारा ‘पंजाबी मूर्ख’ कहे जाने से हर पंजाबी की भावनाओं को ठेस पहुंची है। भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष को पंजाब के इतिहास और संस्कृति की जानकारी नहीं है, इसीलिए उन्होंने पंजाबियों के लिए इस तरह के शब्द कहे। भाजपा अध्यक्ष दावा करते हैं कि वे अमृतसर में रहते थे, लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि पहले वहां ऐसे लोगों के लिए एक प्रसिद्ध मानसिक अस्पताल था। शायद वे उस अस्पताल से भागकर चंडीगढ़ आ गए हों। भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष पंजाब में रहने वाले हर पंजाबी की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
संदीप दहिया ने कहा कि भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष एक राष्ट्रीय पार्टी के जिम्मेदार पद पर बैठे हैं। उन्हें अपने बयानों पर नियंत्रण रखना होगा। उनका बयान खुद पंजाबियों के प्रति भाजपा की मानसिकता का प्रमाण है। दरअसल, उन्हें यह भी नहीं पता कि चंडीगढ़ पंजाब की राजधानी है। चंडीगढ़ की स्थापना पंजाब के कई गांवों को मिलाकर हुई थी।
संदीप दहिया ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी पंजाब आ रहे हैं। अगर चंडीगढ़ के भाजपा अध्यक्ष ने अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया, तो आम आदमी पार्टी भी उनके पंजाब दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन करेगी। पंजाब में रहने वाला हर व्यक्ति पंजाबी है। सभी पंजाबी आगामी विधानसभा चुनाव और चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में भाजपा के खिलाफ अपने वोट से सबक देंगे।
