लुधियानाः जालंधर बाईपास रोड पर स्थित दाना मंडी में केले के आढ़ती की दुकान पर उस समय हंगामा हो गया, जब पैसों के लेन-देन को लेकर 2 नौजवानों की ओर से हवाई फायर करके व्यापारी को गाड़ी में बिठाकर ले जाया गया। व्यापारी के अनुसार नौजवानों द्वारा फायरिंग की गई और उसके बाद उस पर पर्चा दर्ज करने की धमकी देकर उसे गाड़ी में बिठाकर ले गए। मामले की जानकारी देते हुए केले के व्यापारी दीपक ने बताया कि उसे रिंकल का फोन मिलने के लिए आया था। जिसके बाद वह आकर कहने लगा कि महाराष्ट्र के व्यापारी के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद है।
दीपक के अनुसार रिकंल के साथ एक अन्य सिख नौजवान मौजूद था और दोनों ने उसके काउंटर पर असहला रख दिया और उसके बाद एक ने फायरिंग की। फायरिंग की आवाज सुनकर नीचे बैठे कर्मियों मे अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित के अनुसार उसका रिंकल से कोई पैसों का लेन-देन नहीं है। लेकिन उसके बावजूद उसे गाड़ी में बिठाकर कोतवाली थाना ले गए और पर्चा देने की धमकी दी। पीड़ित ने इंसाफ की गुहार लगाई है। पीड़ित ने स्लेम टाबरी पुलिस को सूचना दे दी है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। उधर, सौरव उर्फ मुन्ना ने कहा कि भाई दीपक का उसे फोन आया। भाई ने बताया कि उसकी दुकान पर 2 नौजवान आए और गुंडागर्दी कर रहे है। इस दौरान उक्त नौजवान ने अपना नाम रिंकल बताया। गुड़िया को स्कूल से घर छोड़कर वह भाई के पास दफ्तर पहुंचा तो उन्होंने एसीपी दफ्तर पहुंचकर बात करने के लिए कहा।
इस दौरान पता चला कि उक्त नौजवान की ओर से फायरिंग की गई। मुन्ना का आरोप है कि दूसरे पक्ष का व्यापार काफी गंदा है और उस पर पहले भी मामले दर्ज है। असहले के दम पर फायरिंग करते हुए भाई को डराकर ले गया। घटना के दौरान अन्य कर्मी छत पर भाग गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। लेकिन पुलिस कह रही है कि फायरिंग को लेकर उन्हें घटना स्थल से कोई खोल बरामद नहीं हुआ। मुन्ना का आरोप है कि भाई को दफ्तर से धक्के मारकर अगवा करके ले गया और प्लेन कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए।
मुन्ना के कहा कि रिंकल के साथ उनका कोई लेन-देन नहीं है, लेकिन उसने दुकान पर आकर असहले के दम पर गुंडागर्दी की है। पीड़ित ने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाते हुए रिंकल के असहले का लाइसेंस रद्द करने की मांग की है। एएसआई हनीश ने कहाकि उसे मुंशी ने दाना मंडी में केले की मार्केट में गोली चलने की सूचना मिली। घटना के दौरान मौके पर पहुंचे लेकिन गोली चलने का कोई निशान नहीं मिला। घटना के दौरान कोई खोल भी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित के बयान दर्ज किए जा रहे है, बयानों के आधार पर बनती कार्रवाई की जाएगी।