लुधियानाः डाबा रोड पर ममता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद और कोर्ट केस के बीच पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रह रही एक महिला ने एक्टिवा पर अपने प्रेमी के साथ आकर अपनी ही 3 साल की मासूम बच्ची का सरेआम अपहरण कर लिया। इस दौरान बच्ची को बचाने की कोशिश कर रही उसकी 12 साल की ताई की बेटी के साथ मारपीट की गई। 12 साल की बच्ची ने बहुत प्रयास किया अपनी बहन को बचाने का लेकिन आरोपी कामयाब हो गए। सीसीटीवी में बड़ी बहन को एक्टिवा सवार दूर तक घसीटता ले गया, जिसके शोर मचाने पर इलाका वासी इकट्ठा हो गए। आपको बता दें ये सीसीटीवी फुटेज 28 तारीख की है।
पीड़ित बच्ची के पिता युवराज सिंह ने सिविल अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद डाबा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी पिछले करीब 6 महीने से अपने घर और दोनों बच्चों (7 साल का बेटा और 3 साल की बेटी) को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ अलग रह रही है। दोनों के बीच अदालत में तलाक और विवाद का केस चल रहा है। दोनों बच्चों की परवरिश फिलहाल मैं कर रहा हूं।
युवराज ने आरोप लगाया कि उनका 7 साल का बेटा मानसिक रूप से पूरी तरह ठीक नहीं है और उसका इलाज चल रहा है। इस वजह से मां उसे पसंद नहीं करती। वह सिर्फ 3 साल की बेटी को अपने साथ ले जाना चाहती थी। युवराज का कहना है कि पत्नी कोर्ट में भरण-पोषण (खर्चे) का दावा मजबूत करने और उनसे पैसे ऐंठने के साधन के रूप में बेटी को ढाल बना रही है। वह फोन पर भी खर्चा लगवाने की धमकियां देती रहती थी।
पुलिस नई शिकायत को भी पुरानी FIR और चल रहे केस में जोड़ रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बच्चों की कस्टडी को लेकर अभी कोर्ट की तरफ से अंतिम आदेश जारी नहीं हुआ है। कोर्ट के आदेशों और कानूनी प्रक्रिया के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।