लुधियानाः जिले में त्योहारी सीजन से पहले मिलावटखोरों पर नकेल कसते हुए, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लुधियाना में एक बड़ी छापेमारी की है। सिविल लाइंस इलाके के न्यू दीप नगर (गली नंबर 5) में एक गोदाम पर छापा मारकर टीम ने 3,000 लीटर संदिग्ध देसी घी बरामद किया है। विभाग ने फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट (FSSA) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी (DHO) डॉ. आशीष चावला ने मौके पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह गोदाम लुधियाना के KVM स्कूल के पास एक रिहायशी इलाके में स्थित है। गोदाम के बाहर कोई नाम या बोर्ड नहीं लगा हुआ था। डॉ. चावला ने बताया कि उन्हें इस भारी स्टॉक के बारे में गुप्त सूचना मिली थी।
जब टीम ने मौके पर पहुँचकर बिल चेक किए, तो पता चला कि इस घी का खरीद मूल्य और एमआरपी असली देसी घी की सामान्य लागत से बहुत कम है। इसी वजह से इसके नकली या घटिया गुणवत्ता का होने का शक गहरा गया। मौके से अलग-अलग पैकिंग में घी बरामद हुआ है। इसमें 1 लीटर, आधा लीटर (500 ml) और 20 ml के पाउच शामिल हैं। कुल मिलाकर यह स्टॉक लगभग 3,000 लीटर है। बिलों की जांच से यह बात सामने आई है कि घी का यह सारा स्टॉक गुजरात से खरीदा गया था।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सारी मात्रा नोट करके, मालिक की मौजूदगी में स्टॉक को धागा बांधकर सील कर दिया है और मालिक के हस्ताक्षर भी ले लिए हैं। शक के आधार पर टीम ने घी के सैंपल ले लिए हैं और उन्हें जांच के लिए सरकारी लेबोरेटरी भेजा जा रहा है। डॉ. आशीष चावला ने स्पष्ट किया कि लैब की रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कानूनी कार्रवाई तय होगी। अगर जांच में घी घटिया या सेहत के लिए हानिकारक पाया जाता है, तो फूड सेफ्टी एक्ट के नियमों के तहत कोर्ट में मामला दर्ज किया जाएगा।विभाग ने मीडिया के जरिए लोगों से अपील की है कि वे जागरूक रहें। इस तरह की कवरेज से आम जनता में खाद्य सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ती है और मिलावटखोरों में डर पैदा होता है।