लुधियानाः हैबोवाल इलाके में एक्टिवा चोरी की घटना सामने आई है। दरअसल, जोशी नगर स्थित हनुमान मंदिर में माथा टेकने आई महिला की सफेद रंग की एक्टिवा लेकर चोर फरार हो गया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि 2 चोर शातिराना अंदाज में एक्टिवा चुराकर फरार हो गए। मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित संजना ने बताया कि जोशी नगर के हनुमान मंदिर में दर्शन प्रत्येक मंगलवार को आती है।
ऐसे में आज वह सफेद एक्टिवा पर सवार होकर मंदिर पहुंची थी और वह एक्टिवा मंदिर के बाहर खड़ी करके मंदिर के अंदर माथा टेकने चली गई। लेकिन जब वह कुछ ही देर बाद दर्शन करके वापस लौटी, तो उसकी एक्टिवा अपनी जगह पर नहीं थी। एक्टिवा गायब होने के बाद जब आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो चोरी का पूरा सच सामने आ गया। फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि दो युवक वहां पहुंचते हैं।
वारदात को अंजाम देने से पहले दोनों ने गली में दो बार घूमकर रेकी की। जब उन्हें लगा कि कोई आस-पास नहीं है, तो उन्होंने अपनी जेब से मास्टर चाबी निकाली, एक्टिवा का लॉक खोला और उसे लेकर चंद सेकंड्स में वहां से रफूचक्कर हो गए। पीड़िता संजना ने इस घटना के बाद तुरंत पुलिस से संपर्क किया। उसने हैबोवाल थाने में अपनी शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंप दी गई है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर दोनों शातिर चोरों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुट गई है।