ऊना,सुशील पंडित: वाटर शेड योजना के तहत 2 अक्टूबर को जिले के गगरेट विकास खंड की अमलेहड़, बंगाणा की थानाकलां व प्लाहटा तथा ऊना विकास खंड की समूर कलां, डंगोली, बसोली, टब्बा, मदनपुर, लमलेहड़ी एवं झम्बर ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित होंगी। यह जानकारी जिला विकास अधिकारी ऊना रमनवीर चौहान ने दी। उन्होंने बताया कि जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वाटरशेड विकास कार्यक्रम के तहत किए गए विभिन्न कार्यों को 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभाओं में प्रदर्शित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ग्राम सभाओं में तालाब, चेक डैम, नालों के उपचार, अमृत सरोवर सहित जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को फोटो और विस्तृत जानकारी के साथ प्रदर्शित किया जाएगा। इन कार्यों से प्रत्येक पंचायत में लगभग 200 से 300 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष लाभ मिला है। वहीं, अगरबत्ती एवं पेपर प्लेट निर्माण मशीनों, कृषि उपकरणों तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा की जा रही आजीविका गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जिनसे प्रत्येक पंचायत में करीब 400 से 600 लोग लाभान्वित हुए हैं।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर वाटरशेड योजना के तहत किए जा रहे कार्यों एवं उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी प्राप्त करें तथा अपने सुझाव भी दें। इन ग्राम सभाओं का उद्देश्य ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने के साथ जल संरक्षण, आजीविका संवर्धन और आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण में जनसहयोग सुनिश्चित करना है।