चंडीगढ़: हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर ने बुधवार को जिला यमुनानगर में सरस्वती नगर अनाज मंडी व जगाधरी अनाज मंडी का निरीक्षण करते हुए कहा कि किसानों की धान की फसल को खरीद करने से पहले ही प्रदेश की सभी मंडियों में सभी आवश्यक तैयारियां कर ली गई ताकि किसान को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़ेे।
खाद्य आपूर्ति मंत्री ने बताया कि वे प्रदेश की सभी अनाज मंडियों का दौरा कर धान की फसल के उठान के बारे जानकारी ले रहे हैं और प्रदेश की जिस मंडी में धान की फसल के खरीद एवं उठान कार्यों में दिक्कत आ रही है, वहां पर अधिकारियों द्वारा आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे मंडी से धान के उठान में देरी न करें ताकि किसानों को अपनी धान की फसल मंडी में बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत न आएं।
उन्होंने मार्किट कमेटी व खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि धान की फसल खरीद के कार्य के साथ-साथ उठान के कार्यों में और अधिक तेजी लाए ताकि किसानों को मंडी परिसर में अपनी फसल डालने में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़ेे। उन्होंने स्वयं धान की ढेरियों पर जाकर नमी को चैक किया व मशीन के माध्यम से नमी को जांचने का काम भी किया। उन्होंने मंडी आढ़तियों और किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना।