चंडीगढ़: हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने आज रोहतक जिले में सिंचाई, जल निकासी और बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी करीब 52 करोड़ रुपये की 26 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें करीब 32.33 करोड़ रुपये की 20 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 19.65 करोड़ रुपये की छह परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
श्रुति चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का विशेष ध्यान ऐसे क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने पर है, जहां बारिश के दौरान जलभराव और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि आज शुरू की गई परियोजनाओं से निचले क्षेत्रों से पानी की तेजी से निकासी होगी, गांवों एवं आबादी को जलभराव से राहत मिलेगी तथा नहरों और ड्रेनेज सिस्टम की कार्यक्षमता में सुधार होगा।
महम क्षेत्र में करीब 17.89 करोड़ रुपये की सात परियोजनाओं में भैणी सुरजन, भैणी चंद्रपाल और समैण के निचले क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए भूमिगत आरसीसी पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रमुख है। इस परियोजना पर करीब 9.10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा उन्होंने महम में 10.45 करोड़ की दो परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें 6.67 करोड़ से कथूरा माइनर की रीमॉडलिंग तथा विभिन्न स्थायी पंप हाउसों में पंप और मोटर लगाने के लिए करीब 3.78 करोड़ की परियोजना शामिल है।