ऊना,सुशील पंडित: क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार के दौरान एक मरीज की मौत होने पर भारी हंगामा हो गया। मृतक की पहचान सुनेहरा निवासी हरपाल सिंह के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों और अस्पताल स्टाफ पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित परिजनों ने न्याय की गुहार लगाते हुए शव को स्ट्रेचर पर रखकर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली।परिजनों का आरोप है कि आपातकालीन सेवा में मरीज को समय पर उचित इलाज नहीं दिया गया।
परिजनों ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हरपाल सिंह को छाती में दर्द की शिकायत थी, लेकिन स्थिति इतनी गंभीर नहीं थी क्योंकि वह स्वयं अपने पैरों पर चलकर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में पहुंचा था। परिजनों का सीधा आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद न तो उसकी समुचित जांच की गई और न ही समय रहते उसे कोई उचित उपचार दिया गया। इसी चिकित्सीय कोताही के चलते कुछ समय बाद हरपाल सिंह ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया क़ी मरीज़ जो खुद चलकर अस्पताल आता है, उसकी इस तरह मौत होना सिस्टम की बड़ी नाकामी है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चिकित्सक और संबंधित स्टाफ के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो बह उग्र प्रदर्शन करने के लिए विवश होगे । फिलहाल, हरपाल सिंह की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। वहीं परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।