चंडीगढ़ : अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. राजा शेखर वुंदरू ने कहा कि हरियाणा सरकार की तर्ज पर स्वयंसेवी एवं सामाजिक संस्थाएं भी नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए कार्य कर रही हैं ताकि प्रदेश का हर नागरिक स्वस्थ और सुखमय जीवन व्यतीत कर सके। अतिरिक्त मुख्य सचिव परिवहन डॉ. राजा सेखर वुंदरू गुरु रविदास भवन सैक्टर 15 पंचकूला में अमर शहीद रामानन्द महाराज के 17वें शहीदी दिवस पर गुरु रविदास डायग्नोस्टिक लेबोरेटरी के शुभारंभ कार्यक्रम में संबोधित रहे थे। उन्होंने कहा कि सभा द्वारा लेबोरेटरी शुरू करना बड़ा ही सराहनीय कार्य है। शिक्षा और स्वास्थ्य नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं में शामिल हैं। यदि नागरिकों को उचित समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और शिक्षा मिल जाए तो वह समाज एवं देश विकसित देशों की श्रेणी में शुमार हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा नागरिकों की सुविधाओं के लिए डायलिसिस जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं भी सरकारी अस्पतालों में मुहैया करवाई जा रही हैं। विशेषकर बुजुर्गों एंव महिलाओं के लिए अलग से आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। वृ़द्ध सेवा एवं स्वास्थ्य पोर्टल विकसित किया जा रहा है जो बुजुर्गों के जीवन स्तर को सुधारने और बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ करवाने में कारगर साबित होगा। इस पोर्टल का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की पारदर्शी निगरानी करना है। इसके अलावा हर जिला स्तर के अस्पताल में सभी प्रकार की जांच, अल्ट्रासाउण्ड एमआरआई जैसी सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कार्यक्रम के दौरान गुरु रविदास डायग्नोस्टिक लेबोरेटरी में उपयोग होने वाले केमिकल का एक साल का खर्च उठाने की भी घोषणा की। उन्होंने लेबोरेटरी में कार्यरत चिकित्सक एवं कर्मचारियों से विस्तार से जानकारी ली और गुरु रविदास महाराज के चरणों में मत्था टेका। इस अवसर पर नागरिकों के लिए दिनभर मेगा स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया जिसमें सैकड़ों की संख्या में मरीजों के ब्लड एवं पेशाब के नमूनों की जांच की गई। इसके अलावा चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक दवाइयां भी वितरित की। समारोह के अध्यक्ष पूर्व चीफ इंजीनियर हरपाल सिंह ने सुपोत्र इधंत की स्मृति में चार लाख रुपए से अधिक की राशि खर्च कर लेबोरेटरी संचालित करने में अहम भूमिका निभाई है।
सभा के प्रधान कृष्ण कुमार ने बताया कि लेबोरेटरी में आधुनिक स्तर की मशीनें लगाई हैं जिनमें हर प्रकार ब्लड एवं पेशाब के नमूनों की जांच की सुविधा सामान्य दर पर प्रदान की गई है। सभा की ओर से भविष्य में एमआरआई, अल्ट्रासाउंड आदि मशीनें भी लगाए जाने की योजना है ताकि रोगियों को अधिकांश स्वास्थ्य जांच सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाई जा सकें। इसके अलावा नशा जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए मुहिम चलाए जाने पर बल दिया।
समारोह में आने वालों के लिए लंगर की सुविधा के साथ छबील भी लगाई गई
सभा के महासचिव जयबीर रंगा, सेवानिवृत्त महाप्रबंधक आर पी साहनी, महंत मनदीप दास, पूर्व विधायक लहरी सिंह, प्रधान सत्यवान पपोसा, अम्बेडकर महासभा के पूर्व प्रधान सुरेश मोरका, बी एस रंगा, राज कपूर अहलावत सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। शिविर में सेवानिवृत महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. डीपी लोचन, रिटायर्ड सिविल सर्जन मिलिट्री डॉ. संध्या, डॉ. एपी राठी, रिदम, डॉ. मंजीत सिंह बल सहित कई चिकित्सकों ने स्वास्थ्य सेवाएं दी। सभा की ओर से मेगा स्वास्थ्य शिविर एवं लैब में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
