बाड़मेरः सड़क किनारे चल रहे 14 साल के बच्चे को बेकाबू कार द्वारा टक्कर मारने का मामला सामने आया है। हादसे में बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार इतनी स्पीड में थी कि बेकाबू होते हुए वह खेतों में जाकर रुकी। घटना शनिवार सुबह बाड़मेर जिले के सदर थाना इलाके के लूखू गांव में सुबह 9 बजे का है। कार की टक्कर से बच्चा 15 फीट दूर उछलकर गिरा। सूचना मिलने पर बाछड़ाऊ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को धोरीमन्ना अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी देते पुलिस ने बताया कि बाछड़ाऊ लुखू निवासी सुखदेव (14) पुत्र उमाराम शनिवार को सुबह घर से स्कूल की तरफ जा रहा था। घर से स्कूल की दूरी करीब दो किलोमीटर की दूरी पर है। स्कूल से 500 मीटर पर लुखु से शोभला की तरफ से आ रही बेकाबू स्विफ्ट कार ने सुखदेव को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सुखदेव उछलकर सड़क किनारे बने एक गड्ढे में जा गिरा और अचेत हो गया। वहीं बेकाबू कार सड़क से उतरकर पास के एक खेत में जा रुकी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बाछड़ाऊ चौकी पुलिस से तेजाराम मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। इसके बाद उसे प्राइवेट गाड़ी से धोरीमन्ना लेकर गए। वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को धोरीमन्ना हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। पुलिस ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
