मोगा: बाघा पुराना से मोगा आ रहे दो युवकों की मौत होने की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार यह हादसा गांव सिंघावाला के पास हाईवे पर हुआ है। मोटरसाइकिल की किसी अज्ञात वाहन के साथ जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भयानक था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक को गंभीर हालत में मोगा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान सुखजिंदर सिंह और कृष्ण सिंह, निवासी बाघा पुराना के रूप में हुई है। दोनों युवक छात्र बताए जा रहे हैं और उनकी उम्र करीब 18 से 20 वर्ष थी।
हादसे की सूचना मिलते ही एसएसएफ की टीम मौके पर पहुंची। एसएसएफ कर्मचारियों के मुताबिक सूचना मिलने के करीब 5 से 7 मिनट के भीतर टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। मौके पर एक युवक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
