तरनतारनः शहर के फतेहाबाद इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूली छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान धीरज तेजपाल के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिवार ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार धीरज तेजपाल रोजाना की तरह सुबह स्कूल जाने के लिए अपने घर से निकला था। इसी दौरान रास्ते में गैस सिलेंडर ले जा रही एक गाड़ी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयानक था कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। मृतक के पिता निंदर सिंह ने बताया कि उनका बेटा हर दिन की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि अब वह कभी वापस नहीं लौटेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर वाली गाड़ी के चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
घटना के बाद इलाके के लोगों में भी भारी रोष देखने को मिला। लोगों का कहना है कि सड़कों पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही लगातार हादसों का कारण बन रही है। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

