गुरदासपुरः जिले के इस्लामाबाद मोहल्ला में लाहौरी जीरा और अन्य कन्फेक्शनरी आइटम्स के बड़े गोदाम में चोरी की घटना सामने आई है। जहां चोर गोदाम के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और गोदाम से लैपटॉप चुराकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह थी कि सेंट्रो कार से आए इन दोनों चोरों ने नकदी की तलाश में गोदाम की काफी तलाशी ली, लेकिन भरे गोदाम में किसी और चीज को हाथ नहीं लगाया। गनीमत रही कि उस दिन गोदाम के मालिक ने गोदाम में नकदी नहीं छोड़ी थी।
कार से आते और गोदाम में चोरी करते हुए दोनों चोरों की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं, लेकिन चोरों ने अपने चेहरे अच्छी तरह ढक रखे थे, जिस कारण उनकी फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। गोदाम के मालिक ने इसकी शिकायत पुलिस को कर दी है। वहीं गोदाम के मालिक अंकुर शर्मा का कहना है कि भले ही उनका बड़ा नुकसान होने से बच गया हो, लेकिन लैपटॉप में मौजूद डेटा भी उनके लिए काफी कीमती था, जिसमें जीएसटी और अन्य बिक्री-खरीद का हिसाब-किताब के साथ-साथ कुछ पारिवारिक तस्वीरें भी मौजूद थीं।