अमृतसरः देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील के बाद ज्वेलरी समुदाय में भारी रोष देखा जा रहा है। सोने के व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों का कहना है कि इस बयान ने पहले ही मंदी और तनावपूर्ण हालात से जूझ रही मार्केट को बड़ा झटका दिया है। स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष अश्विनी कुमार, नामा शाह समेत कई ज्वेलरों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पीएम के बयान के बाद लोग अपनी बुकिंग और साइन तक वापस लेने लगे हैं।
व्यापारियों के मुताबिक बाजार में डर का माहौल बन गया है और अब खरीदार भी ज्वेलरी की दुकानों की ओर आने से कतराने लगे हैं। व्यापारियों ने कहा कि ज्वेलरी का काम सिर्फ सोना बेचने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे कई अन्य लोगों की रोटी-रोजगार जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि एक ज्वेलरी की दुकान से करीब 20 परिवारों का गुज़ारा चलता है।
इसमें छीलने वाले, पॉलिश करने वाले, टेंचर वाले, कारीगर, डिजाइनर और कई अन्य वर्ग शामिल हैं। अगर लोग एक साल तक सोना नहीं खरीदेंगे तो हजारों लोगों के काम प्रभावित होंगे। व्यापारियों ने यह भी कहा कि देश में बने तनावपूर्ण माहौल के कारण पहले ही कारोबार मंदी का शिकार था और अब इस बयान ने मार्केट को और भी प्रभावित कर दिया है। उन्होंने कड़ा रोष जताते हुए कहा कि अगर सरकार लोगों से एक साल तक सोना न खरीदने के लिए कह रही है तो ज्वेलरी की दुकानों को भी एक साल के लिए बंद कर दिया जाएं और व्यापारियों के खर्चे सरकार द्वारा उठाए जाएं।
