लुधियानाः जिले के ताजपुर रोड़ पर बनी सिंधी कालोनी में 13 वर्षीय नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग ने घर में फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान 13 वर्षीय रवि कुमार के रूप में हुई है। रवि 7वीं कक्षा का छात्र था। आज सुबह जब मृतक रवि के पिता ने दरवाजा खोलकर उसे बुलाने की कोशिश की तो देखा रवि ने चुनरी के सहारे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना को लेकर पिता ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
मामले की जानकारी देते हुए पिता गंगा राम ने कहा कि लड़का पढ़ने के बाद घर में दोस्त के साथ खेल रहा था। इस दौरान देर रात वह बच्चे को बुलाने के लिए कमरे में गया तो उसने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बच्चे का किसी के साथ कोई विवाद नहीं था और ना ही वह मानसिक तौर पर परेशान था। बच्चे के मरने की वजह के बारे में परिवार को भी कुछ नहीं पता। एबुलेंस चालक बिंदर ने कहा कि कंट्रोल रूम से बच्चे के सुसाइड की सूचना मिली थी।
घटना स्थल से बच्चे के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चुरी में रखवाने के लिए ले जाया जा रहा है। जांच अधिकारी ने कहाकि 13 वर्षीय नौजवान ने देर रात 11.30 बजे फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। उन्हें बच्चे के पिता ने घटना की सूचना उनकी टीम को दी। पुलिस का कहना है कि पिता ने खुद ही पंखे से बच्चे का शव उतार लिया। फिलहाल बच्चे के कब्जे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मृतक 7वीं कक्षा में पढ़ता था। जांच अधिकारी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए गए है। परिजनों के अनुसार बच्चे को कोई टेंशन नहीं थी। बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
