HomeHimachalUnaपिपलू मेला संपन्न, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

पिपलू मेला संपन्न, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now

ऊना सुशील पंडित : जिला स्तरीय ऐतिहासिक पिपलू मेला-2026 का तीन दिवसीय आयोजन शुक्रवार को संपन्न हो गया। 24 से 26 जून तक आयोजित मेले में ऊना सहित विभिन्न जिलों तथा पड़ोसी राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान नरसिंह नारायण के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मेले के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम, विकास प्रदर्शनी, खेलकूद प्रतियोगिताएं तथा अन्य आयोजन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। तीन दिनों तक मेले में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। आयोग के सदस्य विजय डोगरा भी उनके साथ रहे। इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

अपने संबोधन में कुलदीप कुमार ने कहा कि पिपलू जैसे ऐतिहासिक मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं के संवाहक हैं। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा अनाथ एवं निराश्रित बच्चों के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं संवेदनशील और जनहितैषी शासन की मिसाल हैं। उन्होंने ऊना में राज्य अनुसूचित जाति आयोग का कार्यालय स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे जिला सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सुविधा मिली है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति, प्रशासन तथा क्षेत्रवासियों को बधाई दी और बड़ी संख्या में मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं का धन्यवाद भी किया।

विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पिपलू मेला क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और लोक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि मेले को अधिक भव्य और व्यवस्थित स्वरूप देने के प्रयास किए गए हैं तथा आने वाले वर्षों में इसका आयोजन और अधिक व्यापक स्तर पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में अंतिम दिन सायंकाल बंगाणा के भलेत में कुटलैहड़ महोत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए विकास कार्य निरंतर जारी हैं और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश सरकार के सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के आह्वान पर प्रदेश में आयोजित एंटी चिट्टा डे के अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई तथा विशेष रूप से युवाओं से नशे के विरुद्ध जनजागरण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने मेला समिति, प्रशासन तथा क्षेत्रवासियों का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।

गौरतलब है कि पिपलू मेला प्रतिवर्ष निर्जला एकादशी के अवसर पर आयोजित होता है। भगवान नरसिंह नारायण की पावन स्थली पर लगने वाले इस मेले में श्रद्धालु नई फसल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। समापन समारोह के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली गायक ईशांत भारद्वाज, मोहित गर्ग तथा स्थानीय लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस अवसर पर उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विवेक मिंका, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देशराज मौदगिल, मेला समिति के अध्यक्ष एसडीएम सोनू गोयल, तहसीलदार अमित शर्मा, बीडीओ केएल वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

- Advertisement -
- Advertisement -

Disclaimer

All news on Encounter India are computer generated and provided by third party sources, so read and verify carefully. Encounter India will not be responsible for any issues.

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -

Latest News

- Advertisement -
- Advertisement -