दुख सांझा करने पहुंचे कई पंजाबी गायक
लुधियानाः पंजाबी गायक जस्सी गिल के घर शोक की लहर छा गई। दरअसल, गायक की माता रविंदर कौर का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। रविंदर कौर कैंसर की बीमारी से जूझ रही थीं और दिल्ली के एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। आज पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया। परिवार की ओर से जारी किए गए आधिकारिक शोक कार्ड के अनुसार माता सरदारनी रविंदर कौर (सुपुत्नी स. गुरमिंदर सिंह) का अंतिम संस्कार आज उनके पैतृक गांव जंडाली (पायल, जिला लुधियाना) में किया गया।
ऐसे में अंतिम दर्शनों और संस्कार के लिए गांव जंडाली में भारी संख्या में लोग और गायक पहुंचे। जहां नम आंखों से उन्हें विदाई दी गई। गायक की माता के निधन के बाद पंजाबी इंडस्ट्री में शोक की लहर छा गई और कई गायक जस्सी के घर दुख सांझा करने पहुंचे। मिली जानकारी के अनुसार जस्सी की माता पिछले लगभग 6 महीने से कैंसर जैसी गंभीर और नामुराद बीमारी से जूझ रही थीं।
उनका लगातार इलाज चल रहा था, लेकिन दुर्भाग्यवश उन्हें बचाया नहीं जा सका। जस्सी गिल पंजाबी इंडस्ट्री का एक बहुत बड़ा और सम्मानित नाम हैं। उनके गाने पंजाब ही नहीं बल्कि विदेशों में भी खूब चाव से सुने जाते हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर उम्र के लोग उनके संगीत के दीवाने हैं। इतने बड़े स्टारडम के बावजूद, जस्सी गिल को उनके बेहद सादे, निग्ये और विनम्र स्वभाव के लिए जाना जाता है। गायक बब्बल राय के साथ उनकी गहरी और पुरानी दोस्ती भी इंडस्ट्री में एक मिसाल मानी जाती है।



