IIM के बाहर यूनियन का धरना, कॉलेज जाम करने की दी चेतावनी
अमृतसरः जिले के आई.आई.एम. मानवांला में एक टैक्सी ड्राइवर के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। टैक्सी ड्राइवरों का आरोप है कि सुरक्षा गार्ड ने न केवल उनके साथ गाली-गलौज की, बल्कि आईडी वापस देने के मामले में भी बेवजह विवाद खड़ा किया। इस घटना के बाद टैक्सी यूनियन के सदस्य मौके पर एकत्र हुए और इंसाफ की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो कड़ा संघर्ष किया जाएगा।
पीड़ित टैक्सी ड्राइवर प्रभबीर सिंह ने बताया कि वह उबर राइड पर आई.आई.एम. मानवांला सवारी लेने पहुंचे थे। सुरक्षा नियमों के तहत उन्होंने अपना ड्राइविंग लाइसेंस सिक्योरिटी गार्ड के पास जमा करवाया। सवारी को बिठाने के बाद जब वह अपना लाइसेंस लेने गए और सिर्फ यह सुझाव दिया कि भविष्य में बैरिकेड पर ही आईडी वापस कर दी जाए, तो इस दौरान विवाद पैदा हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद अन्य टैक्सी ड्राइवर भी मौके पर पहुंच गए। यूनियन सदस्यों का कहना है कि कई घंटों तक इंतजार करने और पुलिस के पहुंचने के बावजूद उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। ड्राइवरों ने मांग की कि कैंपस में आईडी जमा करवाने की प्रथा खत्म की जाए और भविष्य में किसी भी ड्राइवर के साथ इस तरह का व्यवहार न हो।
वहीं टैक्सी यूनियन के पंच प्रधनी चेयरमैन परगट सिंह ने इस घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में सिख ड्राइवरों के साथ ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं और अब पंजाब में भी ऐसे मामले सामने आना चिंता का विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषी सुरक्षा कर्मी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो यूनियन धरना प्रदर्शन करेंगी और जरूरत पड़ी तो कॉलेज का घेराव कर जाम भी लगाया जाएगा।
फिलहाल टैक्सी ड्राइवर इंसाफ और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन और आई.आई.एम. मानवांला प्रबंधन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं। और दूसरी ओर जब इस संबंध में पुलिस अधिकारियों से बातचीत करने की कोशिश की तो उन्होंने भी बातचीत करने से इनकार कर दिया।

