अमृतसरः नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत पंजाब सरकार द्वारा लगातार तस्करों पर कार्रवाई की जा रही है। वहीं बॉर्डर पार से आ रहे नशे पर पंजाब पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम द्वारा लगातार रोक लगाई है। इसी मामले को लेकर देहाती पुलिस के एसएसपी सुहैल कासिम मीर की मीडिया से बातचीत करते हुए कहाकि अब बॉर्डर पार से नशे को लेकर तीसरी आंख से तस्करों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
एसएसपी ने कहा कि बीएसएफ के साथ मिलकर देहाती पुलिस नशे की तस्करी को रोकने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। पुलिस को इस काम में बीएसएफ और सीमा से जुड़े लोगों का पूरा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब राज्य ने सीमा पार से नशे की तस्करी रोकने के लिए ड्रोन पर नजर रखने हेतु एंटी‑ड्रोन सिस्टम लगाए हैं। ऐसे में नशे और हथियारों की तस्करी पर निगरानी के लिए सीमा पर 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। एसएसपी मीर ने कहा कि देहाती पुलिस लगातार बीएसएफ के साथ मिलकर गश्त कर रही है।
सीमा पार से नशे की तस्करी रोकने के लिए आने वाले समय में पंजाब सरकार बड़े कदम उठा रही है। एसएसपी ने कहा कि सुनिश्चित किया जा रहा है कि नौजवान नशे की तस्करी में शामिल न हों, इसके लिए गांव‑गांव जाकर उन्हें जागरूक करने की मुहिम भी चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा गांवों में बनाई गई विलेज डिफेंस कमेटियां भी हमारा पूरा सहयोग कर रही हैं। उन्होंने कहा कि देहाती लोगों द्वारा दी जाने वाली किसी भी गुप्त सूचना के मामले में सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाता है। उनके अनुसार विलेज डिफेंस कमेटियों और आम लोगों की दी गई गुप्त सूचनाओं के आधार पर अब तक बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद की जा चुकी है।
