लुधियानाः थाना दरेसी के इलाके में स्थित परिंगल ग्राउंड में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में ई-रिक्शा की ड्राइवर सीट पर पड़ा मिला। शव को देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना थाना दरेसी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी ए.एस.आई. सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की पहचान मुन्ना के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार ई-रिक्शा के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे थे मृतक ई रिक्शा चलाने का काम करता था। आसपास के लोगों का कहना था कि युवक नशा करने का आदि था लेकिन पुलिस ने इस की पुष्टी नहीं कि है। पुलिस ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। मौत के कारणों को लेकर भी पुलिस की तरफ से फिलहाल कोई पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस द्वारा घटनास्थल की जांच करने के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और शव की पहचान के लिए ई-रिक्शा के नंबर सहित अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। वहीं मृतक के मालिक नवीन ने बताया कि सुबह 12 बजे से परिवार वाले और सभी वर्कर उसे ढूंढ रहे थे ।