जालंधर (Ens): मेहरचंद पॉलिटेक्निक कॉलेज में टीचर्स डे बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर विभिन्न विभागों में विद्यार्थियों ने शिक्षक बनकर छात्रों की कक्षाएं ली। विद्यार्थियों की कक्षाओं की शिक्षकों ने दूसरे विदयार्थियों के साथ बैठकर सुना और इसका आनंद भी लिया। इसके अलावा कई विभागों ने केक काटकर और कुछ विभागों ने विद्यार्थियों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाकर शिक्षक दिवस मनाया। कॉलेज के प्रिसिंपल डॉ. जगरुप सिंह ने सभी विभागाध्यक्षों को अनोखे ढंग से टीचर्स डे मनाने की शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थी शिक्षक बनकर अपनी भूमिका को निभाते हैं तो उनमें आत्मविश्वास भी आता है और कई महत्वपूर्ण बदलाव भी आते हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों में जिम्मेदारी निभाने की भावना भी विकसित होती है। कई विद्यार्थियों ने यह भी बताया कि वो पूरी रात नहीं सो पाए क्योंकि उन्हें सुबह विद्यार्थियों को लेक्चर देना था। इसी वजह से विद्यार्थी अपनी तैयारी में व्यस्त रहे।

कुछ विद्यार्थियों का यह कहना है कि उनको अब समझ में आया है कि शिक्षकों की भूमिका कितना कठिन और महत्वपूर्ण होती है। इसी तरह से कार्यक्रमों में विद्यार्थी और शिक्षक के बीच में संबंध मजबूत बनते हैं। विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास और सुनहरे करियर के लिए शिक्षक और विद्यार्थी के बीच गहरा और सौहार्दपूर्ण संबंध होना बहुत ही जरुरी है। प्रिंसिपल डॉ. जगरुप सिंह का कहना है कि वो जल्द ही विद्यार्थियों के साथ अपना नया कार्यक्रम शुरु करेंगे जिसका नाम ‘Lunch And Learn’ होगा। इस कार्यक्रम के जरिए वो विद्यार्थियों के मन की बात समझेंगे और उनके साथ विचार-विमर्श भी करेंगे ताकि उनको कॉलेज में अच्छा, पॉजिटिव और खुशनुमा वातावरण मिल पाए।