लुधियानाः पंजाबी सिंगर निंजा और साउंड ऑपरेटर्स के बीच शुरू हुआ विवाद थमने के बजाय लगातार बढ़ता जा रहा है। बटाला में रंगला पंजाब कार्यक्रम में निंजा का माइक दो-तीन बार बंद हो गया था। इससे नाराज निंजा ने मंच से साउंड ऑपरेटर को खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद पंजाब भर के साउंड ऑपरेटर्स ने माफी की मांग शुरू की।
अब मंडी गोबिंदगढ़ में सखी शक्ति मेले के दौरान निंजा ने माफी मांगने के बजाय साउंड ऑपरेटर्स पर तंज कस दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें पता चला है कि साउंड ऑपरेटर्स का अपना भाईचारा है और वे उनके खिलाफ धरने पर बैठने वाले है। गर्मियों में काम कम रहता है और खाली दिमाग शैतान का घर होता है। निंजा के इस बयान के बाद उनका वीडियो वायरल हो गया और विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया।
इस पूरे मामले की शुरुआत 28 अगस्त को बटाला की दाना मंडी में आयोजित रंगला पंजाब प्रोग्राम से हुई थी। बटाला विवाद के अब 2 सितंबर को मंडी गोबिंदगढ़ के खालसा स्कूल ग्राउंड में हुए सखी शक्ति मेला कार्यक्रम के बाद फिर से निंजा चर्चा में आ गए। निंजा ने यहां माफी मांगने के बजाय मंच से ही साउंड वालों पर तंज कस दिया।
उन्होंने कहा कि मुझे पता है कि गर्मियों में काम ठंडा (कम) रहता है और खाली दिमाग शैतान का घर होता है। जब सर्दियों में भी काम का सीजन आएगा, तो आप भी भूल जाओगे कि हमें किसी ने कुछ कहा था या हमने किसी को कुछ कहा था। इसलिए सब लोग मिल-जुलकर और मजे में रहो। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम में लगे साउंड की तारीफ की और लोगों को कहा ताली बजा दो।