मोहालीः ‘Khedan Watan Punjab Diyan’ के चौथे सीज़न की मशाल आज मोहाली के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंची, जहां आनंदपुर साहिब के सांसद मलविंदर सिंह कंग, मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह और आम आदमी पार्टी के कई अन्य नेताओं ने इसका स्वागत किया। इस बारे में जानकारी देते हुए मलविंदर सिंह कंग ने बताया कि संगरूर से शुरू हुई यह मशाल पूरे राज्य का दौरा करेगी। ‘Khedan Watan Punjab Diyan’ अभियान के तहत यह पंजाब के हर ज़िले में जाएगी और युवाओं के दिलों में खेलों के प्रति जोश जगाएगी। बता दें कि बीते दिन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से Khedan Watan Punjab Diyan Season 4 की घोषणा की गई थी।
खेलों के इस चौथे सीजन की शुरुआत 5 सितंबर को बठिंडा से होगी, जिसमें पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस बार प्रतियोगिता में 38 खेलों को शामिल किया गया है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना और जमीनी स्तर पर छिपी प्रतिभाओं की पहचान करना है। Khedan Watan Punjab Diyan के चौथे सीजन में पंजाब भर के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। इस पहल के जरिए युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल देने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर भी जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार का मानना है कि ग्रामीण और जमीनी स्तर पर मौजूद खेल प्रतिभाओं को सही अवसर मिलने से पंजाब के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
पंजाब सरकार ने इस साल खेल क्षेत्र के लिए ₹1,744 करोड़ का प्रावधान किया है। इस राशि का इस्तेमाल खेल से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं, प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने में किया जाएगा। सरकार के अनुसार, खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की बेहतर तैयारी के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। Khedan Watan Punjab Diyan Season 4 का एक प्रमुख उद्देश्य कम उम्र में खेल प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही, बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। इससे पंजाब में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।

