लुधियानाः जिले धर्मपुरा इलाके में स्थित प्रसिद्ध राधा कृष्ण मंदिर (खाटू श्याम दरबार) में चोरों द्वारा घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई, लेकिन वारदात को अंजाम देने में चोर नाकाम रहे। दरअसल, देर रात कुछ अज्ञात चोरों द्वारा तोड़फोड़ और आगजनी करने का संवेदनशील मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर स्थानीय निवासियों और मंदिर प्रशासन में भारी रोष है। मंदिर के मुख्य सेवादार और स्थानीय लोगों ने बताया कि यह घटना रात करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच की है। कुछ अज्ञात असामाजिक तत्व मंदिर परिसर में दाखिल हुए।
उन्होंने मंदिर के बाहरी हिस्से में स्थापित शनि महाराज की मूर्ति के ठीक नीचे की दीवार को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया और अंदर घुसने के लिए दरवाजा भी तोड़ दिया। गनीमत रही कि मुख्य सड़क पर चहल-पहल और शोर होने के कारण चोर मंदिर के भीतर से कोई बड़ी डकैती या चोरी करने में कामयाब नहीं हो पाए और उन्हें मौके से भागना पड़ा। मंदिर के ठीक बगल में स्थित बर्तनों की दुकान के मालिक रविंद्र कुमार ने बताया कि उपद्रवियों ने उनकी दुकान के बाहर रखे एक बहुत बड़े लकड़ी के बेंच को भी आग के हवाले कर दिया।
रात करीब 2:30 बजे हमारे पड़ोस में रहने वाले बहादुर (नौकर) ने आकर मुझे जगाया और बताया कि आपके बेंच पर भीषण आग लगी हुई है। वह अपने दो बेटों के साथ मिलकर तुरंत पानी डालने लगा। अगर समय रहते आग पर काबू न पाया जाता, तो आग दुकान के ऊपरी शेड (छतरी) तक पहुंच जाती, जिससे पूरी दुकान जलकर राख हो सकती थी।” घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना प्रभारी (SHO) अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मंदिर प्रबंधन व पंडित जी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

