मो़गा: कस्बा समालसर के अन्तर्गत आते गांव रोडे से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां देर रात कलयुगी पुत्र ने पिता की हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार पिता-पुत्र के बीच झगड़ा हुआ। झगड़े के दौरान पुत्र ने पिता के सिर पर लोहे की सबल मारकर उनकी हत्या कर दी। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए मो़गा के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
इस संबंध में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बाघापुराना के डीएसपी जसविंदर सिंह खहरा ने बताया कि जब पुलिस को इस घटना की सूचना मिली तो वे पुलिस पार्टी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पता चला कि मृतक मेहरजीत सिंह शराब पीने का आदी था तथा उसका उसका अपने पुत्र लवप्रीत सिंह से झगड़ा हुआ था। इस झगड़े में बेटे ने पिता के सिर पर सबल से हमला कर दिया और उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक के पारिवारिक सदस्यों के बयान लिए जा रहे हैं और आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

