पठानकोटः जिले में अखवाना इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर में कथित अवैध बूचड़खाने को बंद करवाने की मांग को लेकर आज विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने प्रदर्शन किया। विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारी पहले डीसी कार्यालय पहुंचे। जिसके बाद उन्होंने कार्यालय के सामने धरना लगा दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पठानकोट-अमृतसर नेशनल हाईवे जाम किया।
हाईवे जाम होने पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो वे अखवाना इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर की ओर कूच करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वह अपनी मांगों को लेकर डीसी से मुलाकात करना चाहते हैं।
डीसी के ना मिलने के बाद सर्वसम्मति से पठानकोट-अमृतसर नेशनल हाईवे को जाम करने का फैसला लिया गया। जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले को शांत करवाया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पठानकोट में अवैध बूचड़खाने, गो-तस्करी और गो-हत्या को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।