अमृतसरः मॉल रोड में पुलिस कमिश्नर की कोठी के नजदीक स्थित कोर्टयार्ड होटल में आज आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार प्रसिद्ध होटल कोर्टयार्ड के जनरेटर सेट में धमाके के बाद भयानक आग लग गई। इस घटना के दौरान आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार को देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। लोगों द्वारा घटना की सूचना दमकल विभाग, पुलिस विभाग और बिजली विभाग को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
स्थिति की गंभीरता देखते हुए इलाके की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। वहीं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इलाके को खाली करवाया गया। लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की गई है। मौके पर पहुंचे बिजली बोर्ड के जेई शशिकांत ने बताया कि प्राथमिक जांच के अनुसार होटल का जनरेटर सेट ओवरहीट होने के कारण आग लगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिजली आपूर्ति तुरंत बंद करवाई गई।
आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की लगभग 6 गाड़ियां मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने लंबे समय तक मशक्कत कर आग के फैलने को रोकने की कोशिश की। इस दौरान मॉल रोड पर ट्रैफिक जाम होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में कुछ दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा। फिलहाल इस घटना में हुए नुकसान का सही अंदाजा नहीं लगाया जा सका है। फायर ब्रिगेड द्वारा आग पर पूरी तरह काबू पाने और जांच पूरी होने के बाद ही नुकसान और आग लगने के सटीक कारणों के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
