पठानकोटः जिले के सरना स्थित छोटी नहर के पास एक टैंकर वर्कशॉप में वेल्डिंग के दौरान हुए भीषण धमाका हो गया। इस घटना में वर्कशॉप के मौजूद फोरमैन की मौत हो गई। वहीं हादसे में एक अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गांव बल्सुवा के 60 वर्षीय दौलत राम के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार दौलत राम पिछले 20 सालों से वर्कशॉप में फोरमैन के तौर पर सेवाएं दे रहे थे। धमाका इतना जबरदस्त था कि वर्कशॉप की टिन की छत उड़ गई और मरम्मत के अधीन टैंकर के परखच्चे उड़ गए।
धमाके की आवाज़ दूर-दूर तक सुनी गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हादसे के समय उनके साथ काम कर रहा दूसरा कर्मचारी भी धमाके की चपेट में आ गया, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत इस समय स्थिर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, सूर्या टैंकर वर्कशॉप में एक टैंकर की मरम्मत के लिए वेल्डिंग की जा रही थी।
शक जताया जा रहा है कि टैंकर के अंदर जमा हुई ज्वलनशील गैस और वेल्डिंग के दौरान पैदा हुई गर्मी के कारण अचानक भीषण धमाका हो गया। धमाके की तीव्रता के कारण वर्कशॉप को भी भारी नुकसान पहुंचा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण कर सबूत इकट्ठा किए। पुलिस द्वारा हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।

