पठानकोटः जिले में एक मशहूर हड्डी रोग विशेषज्ञ के साथ करोड़ों रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि डॉक्टर के घर में लंबे समय से काम कर रही दो सगी बहनों ने पतियों व दूसरे साथियों सहित मिलकर डॉक्टर के भरोसे का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया। कर्मचारियों ने कथित तौर पर डॉक्टर की पत्नी को अपने झांसे में लेकर बैंक खाते से लाखों रुपये निकलवा लिए। इतना ही नहीं, घर में रखी नकदी और करीब 60 तोले सोने के गहने भी गायब कर दिए। इस पूरे मामले में करीब 4 करोड़ रुपये के नुकसान का दावा किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार,पठानकोट के एक प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ के घर काफी समय से काम कर रहे थे। परिवार का उन पर पूरा भरोसा था। आरोप है कि कर्मचारियों ने इसी भरोसे का फायदा उठाया और डॉक्टर की पत्नी को गुमराह कर बैंक खाते से एटीएम के माध्यम से बड़ी रकम निकलवा ली। इसके बाद घर में रखी नकदी और करीब 60 तोले सोने के आभूषण भी लेकर फरार हो गए। जब परिवार को इस धोखाधड़ी की जानकारी मिली तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
शुरुआती जांच मे सामने आया है कि इस घटना से करीब 4 करोड़ 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस बैंक ट्रांजैक्शन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता के साथ जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

