पटियाला/चंडीगढ़: पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही। दरअसल, मनी लॉड्रिंग के मामले में ईडी की टीम ने भुल्लर के 11 ठिकानों पर दबिश दी। यह छापेमारी नाभा और जालंधर के एक-एक ठिकानों पर, चंडीगढ़ के 2, लुधियाना के 5, पटियाला के 2 ठिकानों पर की गई है। ये तलाशियां आरोपियों, उनके सहयोगियों और संदिग्ध बेनामीदारों से जुड़ी हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस तलाशी अभियान का मकसद अपराध से हासिल हुई और संपत्ति का पता लगाना, बेनामी संपत्तियों की पहचान करना और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े सबूत इकट्ठा करना है।
वहीं ईडी की टीम द्वारा पटियाला में प्रॉपर्टी डीलर के घर पर भी दबिश दी गई। बता दें कि कुछ माह पहले पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने लाखों रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद, इस मामले की जांच कई जिलों तक फैल गई, और जहां भी भुल्लर पोस्टेड थे, वहां भी लिंक जुड़ गए।
इसी सिलसिले में सीबीआई ने कुछ महीने पहले पटियाला के एक मशहूर प्रॉपर्टी डीलर जिसे “BH प्रॉपर्टी डीलर” कहा जा रहा है, उसके घर पर भी दबिश दी थी। अब इस मामले में एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) भी शामिल हो गया है। जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम आज सुबह से ही चंडीगढ़ में हरचरण सिंह भुल्लर के घर पर छापेमारी कर रही है। इस बीच ईडी की एक टीम पटियाला में भी एक्टिव हो गई है और BH प्रॉपर्टी डीलर के घर की जांच कर रही है। पटियाला पुलिस के जवान भी मौके पर मौजूद हैं। अब देखना यह है कि इस मामले में और कितने चौंकाने वाले खुलासे होते हैं।
