अमृतसरः अमृतसर बटाला रोड घसीटपुरा के पास आज तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। दरअसल, अमृतसर से बटाला जा रही एक निजी बस और एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। मिली जानकारी के अनुसार ट्रक पेट्रोल पंप से तेल भरकर मुख्य सड़क की ओर निकल रहा था कि इसी दौरान बस नियंत्रण से बाहर हो गई और ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस दुर्घटना में बस चालक को गंभीर चोटें आईं, जिसे तुरंत इलाज के लिए निकटवर्ती अस्पताल भेजा गया। गनीमत यह रही कि बस में सवार यात्री बाल-बाल बच गए, किसी भी यात्री को जान का नुकसान नहीं हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को सुचारू किया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और आरोपी पक्ष के खिलाफ अगली कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई है।