पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर का आया बयान
अमृतसरः कमिश्नरेट पुलिस ने ड्रग्स तस्करी, गैर-कानूनी हथियारों और हवाला के धंधे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंटरनेशनल हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक अफगान नागरिक, 3 बालिग और 2 नाबालिग शामिल हैं।
जानकारी देते पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपियों से 1 किलो 35 ग्राम हेरोइन, 5 अत्याधुनिक पिस्तौल, 2 जिंदा कारतूस और 5 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह नेटवर्क पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में फैला हुआ था और माझा-दोआबा इलाकों में इसकी मजबूत पकड़ थी। पुलिस की जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे और सोशल मीडिया के जरिए ड्रग्स और हथियारों की सप्लाई करते थे। गिरफ्तार अफगान नागरिक बाज मोहम्मद के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत पहले भी मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से दिल्ली में रह रहा था और यह गैर-कानूनी नेटवर्क चला रहा था।
सीपी ने बताया कि आरोपी अंकुश और देशराज समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ भी ड्रग्स तस्करी के मामले दर्ज किए गए हैं। जांच के दौरान यह भी पता चला है कि नेटवर्क से जुड़े लोग हवाला के जरिए पैसों का लेन-देन करते थे, जिसकी वित्तीय जांच की जा रही है। पुलिस दिल्ली समेत कई जगहों पर छापेमारी कर रही है और बैंक खातों की भी जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन से सीमा पार से चल रहे तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस का मुख्य मकसद इस गैंग की पूरी सप्लाई चेन को तोड़ना और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान करना है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ पॉलिसी के तहत ड्रग्स तस्करी, गैर-कानूनी हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
