श्री मुक्तसर साहिबः श्री मुक्तसर साहिब में सरहिंद फीडर नहर में कूदे बाप-बेटे में से 25 वर्षीय हरतेज सिंह का शव 24 घंटे बाद अबोहर क्षेत्र में बरामद हो गया। हालांकि बेटे को बचाने के लिए नहर में कूदे पिता मक्खन सिंह का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। जानकारी के अनुसार अबोहर के गांव काला टिब्बा के पास मलूकपुरा माइनर में एक युवक का शव तैरता दिखाई दिया। राहगीरों ने इसकी सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया। समिति सदस्य बिट्टू नरुला ने बताया कि वीरवार उनकी टीम मौके पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि सोनू ग्रोवर और सुभाष की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया और थाना सदर पुलिस की मौजूदगी में शव को अबोहर के अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। इंटरनेट मीडिया पर शव की तस्वीर वायरल होने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान हरतेज सिंह के रूप में की। बताया जा रहा है कि शव घटनास्थल से करीब 62 किलोमीटर दूर जाकर मिला। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार के सदस्य अबोहर के लिए रवाना हो गए। गौरतलब है कि बुधवार सुबह दशमेश नगर निवासी हरतेज सिंह और उसके पिता मक्खन सिंह के बीच सब्जी मंडी में आर्थिक नुकसान को लेकर कहासुनी हो गई थी। दोनों थाना सिटी के सामने फल-सब्जी की रेहड़ी लगाकर परिवार का गुजारा करते थे।
मक्खन सिंह के भाई कुलदीप सिंह के अनुसार मंडी से अधिक माल खरीदने के कारण नुकसान हुआ था। इसी बात को लेकर पिता ने बेटे को डांटा, जिससे नाराज होकर हरतेज घर से निकल गया और कोटकपूरा रोड स्थित सरहिंद फीडर नहर में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बेटे को नहर में डूबता देख पिता मक्खन सिंह भी उसे बचाने के लिए तुरंत नहर में कूद पड़े। हालांकि पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों लापता हो गए थे। हरतेज सिंह शादीशुदा था और उसका 8 माह का एक बेटा भी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और बचाव दल ने आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी है। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से नहर के किनारों के पास सतर्क रहने की अपील की है और सर्च अभियान लगातार जारी है।
