लुधियानाः रेलवे स्टेशन पर देर रात बिजली की मुख्य तार कटने से ब्लैकआउट की स्थिति बन गई। हालांकि रेलवे प्रशासन की मुस्तैदी से स्टेशन का कामकाज प्रभावित नहीं हुआ है और बैकअप के लिए तुरंत जनरेटर का प्रबंध कर लिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार स्टेशन पर निर्माण कार्य चल रहा था। देर रात करीब 1:30 बजे JCB मशीन की मदद से चल रहे काम के दौरान गलती से 11 KV की मुख्य बिजली की तार कट गई।
इस पूरी घटना और बिजली गुल होने का पता सुबह करीब 5:30 बजे चला। स्टेशन के कामकाज को प्रभावित होने से बचाने के लिए फौरन जनरेटर लगवाए गए, जिससे फिलहाल काम में कोई रुकावट नहीं आ रही है। कन्स्ट्रक्शन हेड दिनेश ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मेन लाइन को दुरुस्त करने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। अब तक लगभग 40% मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि आज शाम 4:00 बजे तक बाकी का काम भी सही से पूरा हो जाएगा और स्टेशन पर लाइट पहले की तरह पूरी तरह से शुरू हो जाएगी।
