पीड़ित परिवार पर बरसाए ईंट-पत्थर
लुधियानाः लुधियाना के धांधरा रोड स्थित सिटी इन्क्लेव (महमूदपुरा) इलाके में एक बेहद ही शर्मनाक कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पड़ोसी ने इंसानियत की सारी हदें पार करते पड़ोस में रहने वाली (17) नाबालिग किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी ने इस घिनौनी वारदात को उस समय अंजाम दिया। जब पीड़िता के माता-पिता काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर कार्रवाई करते आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
View this post on Instagram
थाना सदर पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित पिता ने बताया कि उनका पड़ोसी सोनू कुमार उनकी गैर-मौजूदगी का फायदा उठाता रहा। आरोपी ने बीती 29, 30 और 31 मई को उनकी नाबालिग बेटी को घर में अकेला पाकर जबरन अंदर प्रवेश किया और डरा-धमकाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। लोक-लाज और डर के कारण पीड़िता ने शुरुआत में परिजनों को कुछ नहीं बताया, लेकिन तबीयत बिगड़ने और हिम्मत जुटाने के बाद उसने अपनी आपबीती माता-पिता से साझा की।
जब पीड़ित लड़की के परिवार को इस घिनौनी करतूत का पता चला, तो वे इंसाफ के लिए आरोपी सोनू कुमार के घर शिकायत देने पहुंचे। लेकिन अपनी गलती मानने के बजाय आरोपी ने पीड़ित परिवार पर ही हमला बोल दिया। आरोपी ने अंधाधुंध ईंट-रोड़े बरसाने शुरू कर दिए। इस पथराव में पीड़िता की दूसरी बहन गंभीर रूप से जख्मी हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल दाखिल करवाया गया है।
जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर परमिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित पिता के बयानों के आधार पर आरोपी सोनू कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 351 (2) (आपराधिक धमकी) और पोक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


