लुधियानाः पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं के लिए शुरू की गई 1000 रुपये महीना वाली ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ को लेकर एक जानकारी सामने आई है। पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन (एक्साइज एंड टैक्सेशन) के सदस्य नीतीश मल्होत्रा ने जनता के लिए जरूरी सूचना जारी करते हुए बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 15 तारीख तय की गई है। उन्होंने बताया कि जो भी लाभार्थी इस योजना का फायदा उठाना चाहते हैं, उन्हें अपने फॉर्म हर हाल में जमा करने होंगे।
फॉर्म बेचने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
योजना को पारदर्शी बनाने और लोगों को ठगी से बचाने के लिए कमीशन मेंबर नीतीश मल्होत्रा ने सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा है कि इस योजना के फॉर्म बिल्कुल मुफ्त (फ्री) उपलब्ध करवाए गए हैं। यदि कोई भी व्यक्ति, दुकानदार या एजेंट इन फॉर्म्स को बेचता हुआ या इनके बदले आम जनता से पैसे वसूलता हुआ पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ प्रशासन सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
जनता से अपील: किसी भी दलाल को न दें पैसे
प्रशासन की ओर से आम जनता से भी विशेष अपील की गई है कि वे किसी भी तरह के झांसे या दलालों के चक्कर में न आएं। यह सरकारी योजना पूरी तरह से निशुल्क है और सरकार का लक्ष्य है कि इसका सीधा लाभ बिना किसी भ्रष्टाचार के हकदार महिलाओं तक पहुंचे। अगर कोई भी व्यक्ति फॉर्म के एवज में पैसों की मांग करता है, तो तुरंत इसकी शिकायत प्रशासन को दें।


